प्रशांत किशोर की जीत पर क्या बोलीं उनकी पत्नी जाह्नवी दास?
इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty Images मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह की जीत पर प्रतिक्रिया दी है. मोहन यादव ने कहा है कि कांग्रेस की सीट थी, जो कांग्रेस के पास ही है. उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, "कांग्रेस की सीट कांग्रेस के पास है, ये बात अलग है कि पिछले विधानसभा चुनाव से भी हमने 1700 वोट ज़्यादा पाए हैं. लोकसभा के बाद, विधानसभा के उपचुनाव में न केवल बुधनी की बीजेपी की सीट हमने अपने पास रखी बल्कि अमरवाड़ा की कांग्रेस की सीट भी हमने जीती थी. उन्होंने कहा, "लोकतंत्र में चुनाव इसी बात के लिए हैं. हमने अपनी बात रखी, कांग्रेस ने अपनी बात रखी, जनता ने जो निर्णय दिया उसे हम स्वीकार करते हैं और उम्मीद करते हैं कि आने वाले समय में हम और अधिक ताकत के साथ चुनाव लड़ेंगे." दतिया सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार कुंवर घनश्याम सिंह ने बीजेपी के आशुतोष तिवारी को 6,016 वोटों से हरा दिया. संबंधित स्टोरी: दतिया में बीजेपी क्यों हारी, कांग्रेस की जीत में क्या सिर्फ़ नरोत्तम मिश्रा फ़ैक्टर थे? जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में जीत दर्ज की है. इस पर उनकी पत्नी डॉ जाह्नवी दास ने ख़ुशी ज़ाहिर की है. जाह्नवी दास ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, "हम सभी बहुत ख़ुश हैं. यह सीट बहुत कठिन थी, इसलिए यह जीत हमारे लिए और भी ख़ास है और इससे हमारी ख़ुशी और बढ़ गई है." उन्होंने कहा, "मैं बांकीपुर की जनता और बिहार के लोगों का दिल से धन्यवाद करती हूं कि उन्होंने उन्हें इतनी बड़ी जीत दी. मैं हमेशा उन सभी की आभारी रहूंगी. उन्होंने (प्रशांत) इस जीत के लिए बहुत मेहनत की है." गौरतलब है कि बांकीपुर सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद ख़ाली हुई थी. प्रशांत किशोर यहां बीजेपी के उम्मीदवार नीरज कुमार से 19,324 से अधिक वोटों से जीत गए हैं. उन्हें कुल 64,151 वोट मिले जबकि बीजेपी उम्मीदवार को 44,827 वोट मिले. इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty Images तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) दो सीटों पर हार गई है, जबकि एक सीट पर उसने जीत दर्ज की है. दो सीटों पर मिली हार के बाद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने चुनाव परिणामों पर गंभीरता से आत्ममंथन करने की बात कही है. सोमवार को घोषित हुए उपचुनाव के नतीजों के बाद नितिन नबीन ने देर रात सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, "तीन विधानसभा उपचुनावों में आए जनादेश को हम स्वीकार करते हैं." उन्होंने लिखा, "गुजरात की मांजलपुर विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी पर अपना विश्वास व्यक्त करने के लिए वहां की जनता का हृदय से आभार. इस विजय के लिए बीजेपी के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई." नितिन नबीन ने लिखा, "बांकीपुर और दतिया में हमें अपेक्षित जनादेश प्राप्त नहीं हुआ. हम इन दोनों क्षेत्रों के चुनाव परिणामों का पूरी गंभीरता से आत्ममंथन करेंगे तथा नई ऊर्जा और संकल्प के साथ जनता के बीच जाकर उनके विश्वास को और अधिक मज़बूत करने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे." उपचुनाव के परिणामों की बात करें तो बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट से जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने जीत दर्ज की है. मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर कांग्रेस के घनश्याम सिंह विजयी रहे, जबकि गुजरात की मांजलपुर सीट पर बीजेपी के सतेंद्रभाई पटेल ने जीत हासिल की. संबंधित स्टोरी: प्रशांत किशोर की बांकीपुर से जीत की ये हैं पांच वजहें इमेज स्रोत, Illustration by Sean Gallup/Getty Images पाकिस्तान के पेट्रोलियम डिवीजन ने 4 अगस्त से लागू होने वाली पेट्रोल और डीज़ल की नई क़ीमतों का नोटिफ़िकेशन जारी कर दिया है. सरकार ने दोनों की क़ीमतों में कटौती का एलान किया है. पेट्रोलियम डिवीजन की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, पेट्रोल की क़ीमत में 4 रुपये 8 पैसे प्रति लीटर की कमी की गई है. कटौती के बाद पेट्रोल की नई क़ीमत 331.95 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर निर्धारित की गई है. वहीं, हाई-स्पीड डीज़ल की क़ीमत में भी 2 रुपये 45 पैसे प्रति लीटर की कमी की गई है. इसके बाद डीज़ल की नई क़ीमत 389.93 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर हो गई है. गौरतलब है कि बीते हफ़्ते पाकिस्तान ने पेट्रोल और हाई-स्पीड डीज़ल की क़ीमतों में वृद्धि की थी. तब पेट्रोल की क़ीमत में 1.63 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीज़ल की क़ीमत 1.56 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी. इमेज स्रोत, Anna Moneymaker/Getty Images अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के साथ बातचीत फ़िलहाल जारी है. उन्होंने कहा कि यह ईरान के लिए "एक अच्छे समझौते पर हस्ताक्षर करने का आख़िरी मौक़ा" है. व्हाइट हाउस में पत्रकारों से वार्ता के दौरान ट्रंप ने दावा किया है कि बातचीत ईरान के अनुरोध पर शुरू हुई है अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के नेतृत्व पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया है. सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर जारी एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि ईरानी नेतृत्व बातचीत के लिए बैठक का अनुरोध करता है, लेकिन सार्वजनिक रूप से यह दावा करता है कि दोनों देशों के बीच कोई वार्ता नहीं हो रही. अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया, "होर्मुज़ स्ट्रेट पहले से ही अमेरिकी नौसेना के पूर्ण नियंत्रण में है और उनकी अनुमति के बिना ईरान तक कुछ भी नहीं पहुँच सकता. यह स्थिति तब तक बनी रहेगी, जब तक कोई समझौता नहीं हो जाता या फिर ईरान आत्मसमर्पण नहीं करता." उधर, ट्रंप ने सोमवार को अमेरिकी कंपनियों से ईंधन की क़ीमतों में तत्काल कटौती करने की अपील भी की. विश्लेषकों के मुताबिक़, ईंधन की बढ़ती क़ीमतें और महँगाई को लेकर बढ़ती चिंताएँ नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनावों से पहले रिपब्लिकन पार्टी के लिए चुनौती बन सकती हैं. माना जा रहा है कि यदि महँगाई का दबाव जारी रहा, तो रिपब्लिकन पार्टी प्रतिनिधि सभा में अपना बहुमत गंवा सकती है और कांग्रेस पर उसका नियंत्रण भी कमज़ोर पड़ सकता है. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें. दतिया में बीजेपी क्यों हारी, कांग्रेस की जीत में क्या सिर्फ़ नरोत्तम मिश्रा फ़ैक्टर थे? 'भारत के लिए खेलना है तो कुछ मायने नहीं रखता': ये कहने वाले जम्मू-कश्मीर के आक़िब नबी भारतीय टीम में चुने गए प्रशांत किशोर की बांकीपुर से जीत की ये हैं पांच वजहें विधानसभा उपचुनाव: बांकीपुर से जीते प्रशांत किशोर, दतिया में कांग्रेस और मांजलपुर में बीजेपी ने दर्ज की जीत
स्रोत: BBC Hindi