पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Death

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जुड़े 9 और नए शहर, जल्द श्रीनगर के लिए भी मिलेगी फ्लाइट

✍️ Admin 📅 01 July, 2026 ⏰ 10:39 PM 👁 20 views

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 14 शहरों के लिए कुल 34 उड़ानों का संचालन हुआ. बुधवार को 9 नए शहरों को पहली बार जोड़ा गया है. वीरवार को अजमेर के लिए भी उड़ान सेवा शुरू हो जाएगी. बरेली का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है. पहले दिन इंडिगो के 78 सीट वाले विमान में सवार होकर 49 यात्री जेवर पहुंचे. इसके अलावा उत्तराखंड के पंतनगर से नोएडा एयरपोर्ट के बीच हवाई सेवा का संचालन शुरू हो गया है. मुंबई और लखनऊ के लिए प्रतिदिन दो-दो उड़ानों का आगमन और प्रस्थान हो रहा है. एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से अन्य शहरों को भी इस नेटवर्क से जोड़ा जाएगा.

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली बार 15 जून से हवाई यात्रा का संचालन शुरू हुआ था. उद्घाटन के दिन लखनऊ-नोएडा-बेंगलुरु मार्ग पर उड़ानें शुरू हुई थी. इसके बाद हैदराबाद, अमृतसर, बेंगलुरु, मुंबई और जम्मू के लिए नियमित सेवाएं शुरू हुईं. अब बुधवार से लखनऊ, चंडीगढ़, धर्मशाला, पंतनगर, बरेली, जोधपुर, जयपुर, भोपाल और देहरादून भी एयरपोर्ट के नेटवर्क में शामिल हो गए हैं. हालांकि जयपुर से आने वाली एक उड़ान शाम को निर्धारित समय से कुछ देर बाद पहुंची.

पंतनगर के दो विमान भरेंगे उड़ान

अभी तक इंडिगो और अकासा एयरलाइंस की 12 फ्लाइट संचालित हो रही थी. जिनसे नवी मुंबई, जम्मू, अमृतसर, हैदराबाद और बेंगलुरु समेत छह शहर जुड़े हुए थे. उत्तरखंड के पंतनगर से नोएडा एयरपोर्ट के रूट पर इंडिगो एयरलाइंस दो उड़ानों का संचालन करेगी. दो फ्लाइट्स पंतनगर से जेवर एयरपोर्ट और उसी दिन दो फ्लाइट्स जेवर एयरपोर्ट से पंतनगर पहुंचेंगी. नोएडा-पंतनगर विमान सेवा शुरू होने से उत्तराखंड जाने वाले लोगों को भी फायदा होगा.

श्रीनगर के लिए भी जल्द मिलेंगे विमान

नोएडा एयरपोर्ट से जल्द ही श्रीनगर को भी जोड़ने की तैयारी की जा रही है. एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार जल्द ही श्रीनगर समेत कई अन्य शहरों के लिए भी विमान उड़ान भरने शुरू कर देंगे. हवाई यात्रा कर नोएडा एयरपोर्ट आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए कैब की सुविधा उपलब्ध है.

बढ़ाए गए बसों के फेरे

एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स का संचालन बढ़ने और यात्रियों की संख्या अधिक होने से इलेक्ट्रिक बसों के रूट और फेरों में भी बढ़ोतरी की गई है. एयरपोर्ट परिसर में टर्मिनल भवन से लगभग दो किलोमीटर पहले ई-बस स्टॉप बनाया गया है, जहां से यात्रियों को टर्मिनल तक पहुंचाने के लिए हर 15 मिनट पर शटल बस सेवा संचालित की जा रही है.

इंडिगो लाइट ने नया किराया विकल्प किया पेश

इकोनॉमी श्रेणी के यात्रियों के लिए 'इंडिगो लाइट' नाम से एयरलाइंस ने नया किराया विकल्प पेश किया है. इसके तहत यात्रियों को केवल उन्हीं अतिरिक्त सेवाओं का शुल्क देना होगा जिनका वह इस्तेमाल करेंगे. इसमें कम बेस किराए के साथ बिना अतिरिक्त शुल्क के ऑटो-असाइन सीट और 7 किलोग्राम तक के केबिन बैग की सुविधा मिलेगी. यह किराया 1 जुलाई से लागू हो गया है और 15 जुलाई से यात्रा के लिए उपलब्ध रहेगा.

स्रोत: ABP Hindi

📤 शेयर करें: