राम मंदिर ट्रस्ट पर उठे सवालों के बीच VHP का बड़ा बयान, अध्यक्ष आलोक कुमार ने किया बचाव, विपक्ष को लिया निशाने पर
विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अलोक ने अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से जांच को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए उठाए गए कदमों और विपक्ष के रवैये पर बयान दिया है. आलोक कुमार ने कहा कि इस पूरे मामले से यह साफ हो गया है कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट के ट्रस्टी पूरी गंभीरता के साथ चाहते हैं कि अयोध्या में जो भी घटना हुई है, उसकी निष्पक्ष जांच हो और जल्द से जल्द सच्चाई सामने आए. उन्होंने कहा कि जैसे ही मामला ट्रस्ट के ध्यान में आया, ट्रस्टियों ने तुरंत प्राथमिक जांच कराई. इस जांच में कुछ लोगों की गलती सामने आई, जिसके बाद 80 लाख रुपये वापस कराए गए. इसके बाद ट्रस्ट ने खुद मुख्यमंत्री से SIT बनाने की मांग की.
आलोक कुमार के मुताबिक जब SIT अयोध्या पहुंची, तब चंपत राय ने खुद कहा कि वह महामंत्री हैं और सच्चाई सामने आनी चाहिए. उन्होंने जांच टीम से कहा कि सबसे पहले उनसे सवाल-जवाब किए जा सकते हैं. उन्होंने बताया कि SIT की शुरुआती रिपोर्ट आने के बाद जब रिपोर्ट ट्रस्ट को मिली, तो ट्रस्टियों ने पहला कदम FIR दर्ज कराने का उठाया. FIR में SIT जांच में शामिल 8 लोगों के नाम दर्ज किए गए हैं. इसके साथ ही अन्य लोगों का भी जिक्र किया गया है. ट्रस्ट ने साफ तौर पर कहा है कि पूरे मामले की पूरी और गहराई से जांच होनी चाहिए.
स्रोत: ABP Hindi