NEET UG 2026 Re-Exam: नीट UG 2026 री-एग्जाम से पहले टेलीग्राम पर रोक का NTA ने किया बचाव, बताई बड़ी वजह
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा के दौरान टेलीग्राम पर अस्थायी रोक लगाने के फैसले का बचाव किया है. एजेंसी का कहना है कि मैसेजिंग प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा करने वाले लोग नकली प्रश्नपत्र फैलाने और छात्रों को ठगने के लिए कर रहे थे. इसी वजह से यह कदम उठाना जरूरी हो गया था. इस मुद्दे पर ANI से बातचीत करते हुए NTA के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने कहा कि यह फैसला उन छात्रों की सुरक्षा के लिए लिया गया है जिन्हें कुछ लोग लीक हुए NEET प्रश्नपत्र देने का झूठा दावा करके गुमराह कर रहे थे. उन्होंने कहा कि कई धोखेबाज टेलीग्राम के जरिए नकली प्रश्नपत्रों को असली बताकर बेच रहे थे और छात्रों से पैसे वसूल रहे थे.
NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा 21 जून को होनी है. इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार और NTA ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया है. अभिषेक सिंह ने बताया कि NTA ने टेलीग्राम के अधिकारियों के साथ बैठक की थी और उनसे ऐसे समूहों और चैनलों पर कड़ी नजर रखने का अनुरोध किया था जो खुद को NEET पेपर लीक से जोड़कर प्रचार कर रहे थे. उन्होंने कहा कि अब तक 200 से अधिक टेलीग्राम चैनलों को ब्लॉक करना पड़ा है. हालांकि कई बार कार्रवाई होने में देरी के कारण कुछ लोग धोखाधड़ी का शिकार हो जाते हैं.
स्रोत: ABP Hindi