वैभव सूर्यवंशी के टेस्ट क्रिकेट खेलने को लेकर एबी डिविलियर्स क्या बोले
दक्षिण अफ़्रीका के पूर्व क्रिकेटर एबी डिविलियर्स ने भारतीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की तारीफ़ की है. उन्होंने कहा है कि अगर वैभव चाहें तो रेड बॉल क्रिकेट खेल सकते हैं. एबी डिविलियर्स ने कहा, "वह (वैभव) एक बेहतरीन टैलेंट हैं. मेरा मानना है कि अगर वह चाहें तो रेड बॉल क्रिकेट भी खेल सकते हैं. सवाल यह है कि क्या वह वास्तव में ऐसा करना चाहते हैं." उन्होंने आगे कहा, "इसके रास्ते में कुछ चुनौतियां ज़रूर होंगी, लेकिन उनके पास वह प्रतिभा और क्षमता है, जिनकी मदद से वह उन चुनौतियों का सामना कर सकते हैं." 15 साल के वैभव सूर्यवंशी का चयन भारतीय टी20 टीम में हुआ है. यह टीम आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियन गेम्स 2026 में खेलेगी. वैभव ने इस साल आईपीएल में सबसे अधिक 776 रन बनाए हैं और ऑरेंज कैप अपने नाम की है. उन्होंने राजस्थान रॉयल्स को दिए एक इंटरव्यू में टेस्ट क्रिकेट खेलने को लेकर बात की थी. वैभव ने कहा, "मैं रेड बॉल से काफ़ी प्रैक्टिस कर चुका हूं और करता हूं. और अपने राज्य के लिए भी मैं काफ़ी रेड बॉल खेला हूं. मुझे रेड बॉल खेलना है क्योंकि मैं रेड बॉल की प्रैक्टिस करता हूं." उन्होंने कहा, "ये फ़ॉर्मेट (टी20) में मैं इसलिए ऐसे बैटिंग करता हूं क्योंकि इस फ़ॉर्मेट की यही मांग है. रेड बॉल में जो ज़रूरत होगी मैं उस तरीक़े से अपनी बैटिंग में बदलाव करूंगा. मेरा सपना तो तीनों फ़ॉर्मेट खेलने का है." संबंधित ख़बर: वैभव सूर्यवंशी बोले, 'मुझे सिर्फ़ क्रिकेट नहीं खेलना, 10-20 साल डॉमिनेट करना है' इसराइली एयरफ़ोर्स ने कहा है कि उसने ईरान के मध्य और पश्चिमी क्षेत्र में स्थित सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है. वहीं, ईरान के सरकारी टीवी ने देश के तीन शहरों में धमाकों की ख़बर दी है. सरकारी टीवी ने टेलीग्राम पर पोस्ट किया, "तेहरान, तबरीज़ और इस्फ़हान में कई धमाकों की आवाज़ें सुनी गईं." रिपोर्ट्स के अनुसार, मध्य ईरान के शहर करज के आसपास भी धमाकों की आवाज़ें सुनी गई हैं. इससे पहले ईरान ने इसराइल पर कई मिसाइलें दाग़ीं. ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने एक बयान में कहा है कि ये हमले एक चेतावनी हैं. आईआरजीसी ने कहा है कि इससे "पूरे हफ़्ते के लिए लगातार हमलों की शुरुआत" हो रही है. संबंधित ख़बर: ईरान के मिसाइल हमलों के बाद इसराइल का भी जवाबी हमला, ट्रंप ने क्या कहा इमेज स्रोत, Philippine Red Cross दक्षिणी फिलीपींस के तट के पास स्थानीय समयानुसार सुबह 7:37 बजे आए तेज़ भूकंप के बाद कई झटके महसूस किए गए हैं. फिलीपींस इंस्टीट्यूट ऑफ़ वोल्केनोलॉजी एंड सिस्मोलॉजी के अनुसार, अब तक कम से कम 16 झटके दर्ज किए गए हैं. इनकी तीव्रता 1.3 से 6.7 के बीच रही है. इस बीच इंडोनेशिया में सुनामी की लहरें देखी गई हैं. इंडोनेशिया की मौसम, जलवायु और भूभौतिकी एजेंसी (बीएमकेजी) के अनुसार, स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग 7:20 बजे देश के तटीय इलाक़ों में तीन स्थानों पर सुनामी की लहरें देखी गई हैं. बीएमकेजी का कहना है कि नॉर्थ मलुकु प्रांत के केदी, उलु सियाउ और मेलोंगुआने में ये लहरें देखी गईं. इन लहरों की ऊंचाई 0.09 मीटर से 0.19 मीटर के बीच रही. वहीं, जापान ने भी सुनामी की चेतावनी जारी की है. जापानी अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि स्थानीय समयानुसार सुबह 11:00 बजे तक 1 मीटर ऊंची सुनामी की लहरें देश के दक्षिणी ओकिनावा द्वीपों और प्रशांत तट के किनारे स्थित प्रांतों तक पहुंच सकती हैं. अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के मुताबिक़, फिलीपींस के दक्षिणी इलाक़े में 7.8 तीव्रता का तेज़ भूकंप आया है. समाचार एजेंसी पीटीआई ने फिलीपींस इंस्टीट्यूट ऑफ़ वोल्केनोलॉजी एंड सिस्मोलॉजी के हवाले से बताया है कि भूकंप का केंद्र मिंदानाओ द्वीप पर स्थित जनरल सैंटोस शहर से 13 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में था. भूकंप का केंद्र ज़मीन से 10 किलोमीटर नीचे बताया जा रहा है और यह स्थानीय समयानुसार सुबह 7:37 बजे महसूस किया गया. भूकंप के बाद मिंदानाओ क्षेत्र के कुछ तटीय इलाक़ों में सुनामी आने की आशंका जताई गई है. पीटीआई का कहना है कि मिंदानाओ क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप होने की ख़बरें सामने आई हैं और लोगों से ऊंचे इलाक़ों में जाने की अपील की गई है. अब तक भूकंप से किसी नुक़सान या हताहतों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें. - टीएमसी पार्षदों के इस्तीफ़े और गिरफ़्तारी का सिलसिला, आख़िर नेताओं को किसका है डर? - एलआईसी के निवेश और सेबी की जांच पर राजेश एक्सपोर्ट्स के मालिक का क्या कहना है? - जेन ज़ी आंदोलन के सवाल पर भारत आए नेपाल के विदेश मंत्री ने कही ये बात - अमेरिका से बातचीत को लेकर इतने सख़्त क्यों लग रहे हैं ईरानी अधिकारी? - भारत की टी-20 क्रिकेट टीम के सिलेक्शन को लेकर किस तरह के उठ रहे हैं सवाल
स्रोत: BBC Hindi