भारत ने अफ़ग़ानिस्तान की मदद के लिए क्या-क्या भेजा, विदेश मंत्रालय ने बताया
भारत ने अफ़ग़ानिस्तान को मदद भेजी है. विदेश मंत्रालय ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि अफ़ग़ानिस्तान बाढ़ और भूकंप की वजह से मुश्किलों में है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पोस्ट में लिखा, "अफ़ग़ानिस्तान के लोगों को हाल ही में आई बाढ़ और भूकंप की वजह से मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है." "इस कठिन समय में भारत ने मदद के लिए मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) सामग्री भेजी है." रणधीर जायसवाल ने बताया कि भारत की ओर से भेजी गई मदद में किचन सेट, सफ़ाई का सामान, प्लास्टिक शीट, तिरपाल, स्लीपिंग बैग और अन्य ज़रूरी चीज़ें शामिल हैं. उन्होंने कहा, "भारत अफ़ग़ानिस्तान के लोगों के साथ खड़ा है और इस चुनौतीपूर्ण समय में मानवीय मदद और सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है." इमेज स्रोत, OZAN KOSE/AFP via Getty Images अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को धमकी देते हुए कहा था कि वो मंगलवार को पावर प्लांट और ब्रिज पर हमला करेंगे. अब इस पर ईरान ने संयुक्त राष्ट्र से कहा है कि 'उसे इस पर चुप नहीं रहना चाहिए था.' संयुक्त राष्ट्र में ईरान के स्थायी मिशन ने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, "अगर संयुक्त राष्ट्र का ज़मीर ज़िंदा होता, तो वह अमेरिका के युद्ध चाहने वाले राष्ट्रपति की इस खुली और बेशर्म धमकी पर चुप न रहता. ट्रंप इस पूरे इलाक़े को एक अंतहीन युद्ध में घसीटना चाहते हैं." "यह सीधे और खुले तौर पर आम लोगों को डराने की कोशिश है. वॉर क्राइम करने की साफ़ नीयत का सबूत है." ईरान ने अपील करते हुए कहा, "अंतरराष्ट्रीय समुदाय और सभी देशों की क़ानूनी ज़िम्मेदारी है कि ऐसे भयानक वॉर क्राइम को रोका जाए. उन्हें अभी क़दम उठाना होगा. कल बहुत देर हो जाएगी." संबंधित कहानी: ट्रंप ने अपशब्द के साथ दी चेतावनी, ईरानी दूतावास बोला- 'अमेरिका पहले ही पाषाण युग में पहुंचा' इमेज स्रोत, ANDREW CABALLERO-REYNOLDS/AFP via Getty Images इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात की है. अमेरिकी सैन्य अफ़सर को बचाने के 'मिशन की सफलता' पर नेतन्याहू ने ट्रंप को बधाई भी दी है. बिन्यामिन नेतन्याहू ने एक्स पर लिखा, "मैंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात की. उन्हें उनके साहसी फ़ैसले और दुश्मन के इलाक़े में गिरे सैन्य अफ़सर को बचाने के लिए पूरी तरह सफल अमेरिकी मिशन पर व्यक्तिगत रूप से बधाई दी." "राष्ट्रपति ट्रंप ने इसराइल की मदद के लिए अपना आभार जताया. मुझे बहुत गर्व है कि मैदान और मैदान से बाहर हमारी साझेदारी अभूतपूर्व है." उन्होंने कहा, "इस बात पर भी गर्व है कि इसराइल एक बहादुर अमेरिकी सैनिक को बचाने में योगदान दे सका." अमेरिका ने रविवार को यूएस एफ़-15 लड़ाकू विमान के लापता क्रू मेंबर को बचाने की जानकारी दी थी. इस विमान को शुक्रवार को दक्षिणी ईरान के ऊपर मार गिराया गया था. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार सुबह सोशल मीडिया पर इस रेस्क्यू ऑपरेशन की पुष्टि की. इमेज स्रोत, Raj K Raj/Hindustan Times via Getty Images भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने जानकारी दी है कि उनकी ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची से फ़ोन पर बात हुई है. एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "ईरान के विदेश मंत्री अराग़ची का फ़ोन आया. मौजूदा हालात पर बात हुई." भारत स्थित ईरानी दूतावास ने एक्स पर बताया कि इस बातचीत में दोनों नेताओं ने आपसी रिश्तों के साथ-साथ क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की. इससे पहले जयशंकर ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन ज़ायद अल नाहयान से बातचीत होने की जानकारी दी. क़तर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख़ मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी से भी उनकी बातचीत हुई. एस जयशंकर ने तीनों देशों के विदेश मंत्रियों से मध्य पूर्व के हालात पर चर्चा की. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें. ट्रंप ने अपशब्द के साथ दी चेतावनी, ईरानी दूतावास बोला- 'अमेरिका पहले ही पाषाण युग में पहुंचा' कांग्रेस का हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी पर तीन पासपोर्ट रखने का आरोप, असम सीएम ने दिया जवाब अमेरिका के अफ़सर को ईरान से रेस्क्यू किए जाने के बारे में अब तक क्या पता है सऊदी अरब के शाह फ़ैसल की कहानी जिनकी उनके भतीजे ने की थी हत्या - विवेचना
स्रोत: BBC Hindi