'ईरान जंग ख़त्म करने को तैयार बशर्ते..' मसूद पेज़ेश्कियान ने ईरान की शर्तों के बारे में ये कहा
इमेज स्रोत, Iranian Presidency/Anadolu via Getty Images ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने कहा है कि अगर कुछ शर्तें पूरी हों तो ईरान अमेरिका और इसराइल के साथ युद्ध ख़त्म करने को तैयार है. ईरान के सरकारी मीडिया ने बताया कि पेज़ेश्कियान ने यूरोपीय काउंसिल के प्रेसीडेंट के साथ फ़ोन कॉल पर की गई बातचीत के दौरान ये बयान दिया. पेज़ेश्कियान की ओर से युद्ध ख़त्म करने की "इच्छा" की बात भी कई शर्तों के साथ आई, ख़ासकर इस गारंटी के साथ कि भविष्य में फिर से संघर्ष शुरू नहीं होगा. इससे पहले भी अमेरिका के 15 बिंदुओं वाले शांति प्रस्ताव पर ईरान ने फिर हमला नहीं करने की गारंटी की मांग की थी. पेज़ेश्कियान के इस बयान के बाद अमेरिकी बाज़ारों में तेज़ी देखी गई. इमेज स्रोत, RAMIL SITDIKOV/POOL/AFP via Getty Images पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक़ डार चीन यात्रा पर रहे. इस दौरान उन्होंने चीन के विदेश मंत्री वांग यी से मुलाक़ात की. इसहाक़ डार ने एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि आने वाले दिनों में दोनों देशों के रिश्ते और मज़बूत होंगे. इसहाक़ डार ने लिखा, 'हमने सीमित वार्ता से लेकर प्रतिनिधिमंडल स्तर की चर्चा तक और फिर एक गर्मजोशी भरे डिनर तक बातचीत की. हमारी बात तीन घंटे से ज़्यादा चली जिसमें आगे की दिशा तय करने वाली बातें हुईं." उन्होंने लिखा, "पाकिस्तान-चीन की रणनीतिक साझेदारी लगातार मज़बूत हो रही है. हमने द्विपक्षीय रिश्तों को और मज़बूत करने, सीपीईसी 2.0 के तहत सहयोग बढ़ाने, आदान-प्रदान को बढ़ावा देने और हमारे राजनयिक रिश्तों की 75वीं सालगिरह को मिलकर मनाने पर चर्चा की." उन्होंने लिखा, "हमने मिलकर खाड़ी और मध्य पूर्व में शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए चीन और पाकिस्तान की पांच-सूत्रीय पहल जारी की." इमेज स्रोत, Abhishek Chinnappa/Getty Images मध्य पूर्व में चल रही जंग के बीच भारत में एक बार फिर कमर्शियल एलपीजी के दाम बढ़ गए हैं. बुधवार को कमर्शियल एलपीजी की क़ीमत में 195.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. हालांकि, घरेलू सिलेंडर के दामों में कोई वृद्धि नहीं हुई है. पीटीआई के मुताबिक़, दिल्ली में अब 19 किलोग्राम का कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 2,078.50 रुपये का हो गया है. यह जानकारी सरकारी तेल कंपनियों के हवाले से दी गई है. इससे पहले 1 मार्च को 19 किलो वाले सिलेंडर की क़ीमत 114.50 रुपये बढ़ाई गई थी. इराक़ की राजधानी बग़दाद में एक अमेरिकी महिला पत्रकार का अपहरण हो गया है. इराक़ी और अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि संदिग्धों में से एक का संबंध ईरान समर्थित मिलिशिया से है. अल-मॉनिटर नाम की न्यूज़ वेबसाइट ने बताया कि अमेरिकी फ़्रीलांस पत्रकार शैली किटलसन का मंगलवार शाम को अपहरण किया गया. इराक़ के गृह मंत्रालय ने कहा कि सुरक्षा बलों ने अपहर्ताओं का पीछा किया. इस दौरान एक अपहर्ता की गाड़ी पलट गई और एक संदिग्ध को गिरफ़्तार कर लिया गया. अमेरिकी विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ़्तार व्यक्ति का संबंध ईरान समर्थित मिलिशिया ग्रुप "कताइब हिज़्बुल्लाह" से है. अमेरिकी विदेश मंत्रालय के असिस्टेंट सेक्रेटरी डिलन जॉनसन ने पत्रकार के अपहरण की पुष्टि की लेकिन उन्होंने किटलसन का नाम नहीं लिया. उन्होंने एक्स पर लिखा, "विदेश मंत्रालय ने पहले ही पत्रकार को उनके ख़िलाफ़ ख़तरे के बारे में चेतावनी दी थी. हम एफ़बीआई के साथ मिलकर उनकी जल्द से जल्द रिहाई सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं." अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने बीबीसी को दिए बयान में कहा, "गोपनीयता और अन्य कारणों से, इस समय हमारे पास साझा करने के लिए और कुछ नहीं है." बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. - ख़ार्ग द्वीप पर अमेरिका किस 'प्लान' के ज़रिए क़ब्ज़ा कर सकता है? - 1970 के दशक का तेल संकट क्या था, क्या मौजूदा हालात उससे भी बुरे हैं? - क्या पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान के एक इलाक़े पर कब्ज़ा कर लिया है? - आधी सदी बाद नासा को अब चांद पर क्यों जाना पड़ रहा है? - पाकिस्तान कैसे ट्रंप का भरोसा जीतकर ईरान जंग में मध्यस्थ बना
स्रोत: BBC Hindi