कुवैत में अमेरिका के कई लड़ाकू विमान क्रैश, अब तक क्या-क्या पता है?
कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि अमेरिका के कई लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हुए हैं. रक्षा मंत्रालय ने बताया कि क्रैश होने वाले विमानों के सभी पायलट सुरक्षित हैं और उन्हें अस्पताल भेजा गया है. रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि संबंधित अधिकारियों ने तुरंत खोज और बचाव अभियान शुरू किया, जिसके तहत क्रू सदस्यों को सुरक्षित अस्पताल ले जाया गया, सभी की हालत स्थिर है. आधिकारिक प्रवक्ता ने आगे बताया कि घटना के हालात को लेकर अमेरिकी बलों से सीधे संपर्क किया गया है और संयुक्त तकनीकी क़दम उठाए गए हैं. कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि घटना के कारणों की जांच चल रही है. लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया कि ये हादसे तकनीकी दुर्घटनाएँ हैं या किसी हमले का नतीजा हैं. बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें वहीं एक वायरल वीडियो में अमेरिकी एफ़-15 लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त होते हुए दिखाया गया है. अल जज़ीरा टेलीविज़न ने बताया है कि लड़ाकू विमान कुवैती राजधानी से 32 किलोमीटर दूर जहरा शहर में दुर्घटनाग्रस्त हुआ था. मशहूर हस्तियों की कहानी पूरी तसल्ली और इत्मीनान से इरफ़ान के साथ. क़तर से बीबीसी संवाददाता बारबरा प्लेट-अशर की रिपोर्ट के मुताबिक़, कुवैत के अधिकारियों का कहना है कि अमेरिका के कई लड़ाकू विमान देश की इराक़ सीमा के पास दुर्घटनाग्रस्त हुए हैं. यह घटना ईरान पर चल रहे अमेरिका-इसराइल के संयुक्त हवाई हमलों के तीसरे दिन हुई है. इसी बीच, ईरान ने पड़ोसी अरब देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर अपने जवाबी हमले जारी रखे हैं. सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में दिखा कि कुवैत में एक लड़ाकू विमान का क्रू सदस्य विमान क्रैश होने से कुछ ही क्षण पहले बाहर निकल गया और पैराशूट से सुरक्षित नीचे उतर गया. खाड़ी देश अब इस युद्ध की अग्रिम पंक्ति बन गए हैं. दोहा, दुबई और कुवैत में फिर से तेज़ धमाकों की आवाज़ें सुनी गईं. कुवैत में स्थित अमेरिकी दूतावास ने अपने नागरिकों को सुरक्षित जगहों पर पनाह लेने की चेतावनी जारी की है. दूतावास ने यह नहीं बताया कि क्या वह ख़ुद निशाना बना है. हालांकि चश्मदीदों ने आसपास काले धुएँ का ग़ुबार उठते हुए देखा है. बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित. (बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हॉट्सऐप पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
स्रोत: BBC Hindi