टी-20 वर्ल्ड कपः नामीबिया के ख़िलाफ़ आज पाकिस्तान क्यों 'करो या मरो' की स्थिति में
टी-20 वर्ल्ड कप में आज पाकिस्तान के लिए एक अहम मुक़ाबला है. नामीबिया के ख़िलाफ़ पाकिस्तान आज करो या मरो की स्थित में होगा. सलमान आग़ा के नेतृत्व में खेल रही पाकिस्तान की टीम अगर यह मुक़ाबला जीतती है तो वो सुपर-8 में पहुंच जाएगी, लेकिन हार से उसके सामने टी20 वर्ल्ड कप के बाहर होने का ख़तरा है. पिछली बार अमेरिका के हाथों हारकर पाकिस्तान ग्रुप स्टेज में ही टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गया था. पाकिस्तान ने टूर्नामेंट में तीन मुक़ाबले खेलकर दो जीत के साथ चार अंक जुटाए हैं. हालाँकि नेट रन के आधार पर वह अमेरिका से पीछे है. नामीबिया के साथ ग्रुप ए में पाकिस्तान का ये आख़िरी मैच है जो बुधवार को शाम तीन बजे खेला जाएगा. क्रिकइनफ़ो वेबसाइट के अनुसार, ग्रुप ए में छह अंकों के साथ भारत शीर्ष पर है जबकि चार अंकों के साथ अमेरिका दूसरे नंबर है. पाकिस्तान चार अंकों के बावजूद तीसरे नंबर है. नामीबिया ने अभी तक कोई मैच नहीं जीता है. ग्रुब बी में छह अंकों के साथ श्रीलंका पहले नंबर पर और पांच अंकों के साथ जिम्बाब्वे दूसरे नंबर पर है. बीबीसी अरबी के अनुसार, दस इस्लामी देशों ने घोषणा की है कि मंगलवार शाम को रमज़ान का चांद देखा गया और इसके साथ ही बुधवार वर्ष 1447 हिजरी के रमज़ान महीने का पहला दिन बन गया. सऊदी शाही परिवार ने मंगलवार शाम को दिए एक बयान में इसकी पुष्टि की है. सऊदी प्रेस एजेंसी (एसपीए) ने शाही दरबार के हवाले से कहा, "कई विश्वसनीय गवाहों ने आज रात रमज़ान के पवित्र महीने का अर्धचंद्र देखा है, और इसलिए कल, बुधवार, रमज़ान का पहला दिन है." इस बात की पुष्टि यरूशलम के मुफ्ती ने भी की, जिन्होंने घोषणा की कि फ़लस्तीनी क्षेत्रों में बुधवार से रमज़ान शुरू होगा. जिन देशों में आज से रमज़ान शुरू हो रहा है उनमें संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, क़तर, बहरीन, कुवैत और यमन शामिल हैं. अन्य देशों ने घोषणा की कि मंगलवार शाम को चांद नहीं दिखाई दिया और गुरुवार को रमज़ान के महीने का पहला दिन घोषित किया. इन देशों में सीरिया, तुर्की, मिस्र, इंडोनेशिया, जॉर्डन, ईरान और सिंगापुर शामिल हैं. वीडियो प्लेटफ़ॉर्म यूट्यूब के डाउन होने को लेकर दुनिया के कई हिस्सों में शिकायतें मिल रही हैं. समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, मंगलवार को अमेरिका में 3.2 लाख से ज्यादा यूज़र्स के लिए यूट्यूब ठप रहा. भारत में भी यूट्यूब के डाउन होने की शिकायतें मिल रही हैं और एक्स पर कुछ यूज़र्स ने इस बारे में लिखा है. भारत में सोशल मीडिया फ्लेटफॉर्म एक्स पर #youtubedown टॉप ट्रेंड में आ गया है. आउटेज ट्रैकिंग वेबसाइट डाउनडिटेक्टर डॉट कॉम के मुताबिक़, मंगलवार रात 8.18 बजे ईस्टर्न टाइम तक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दिक्कतों को लेकर 3,21,958 रिपोर्ट दर्ज की गईं. यह वेबसाइट अलग-अलग स्रोतों से मिले स्टेटस रिपोर्ट को इकट्ठा कर आउटेज को ट्रैक करती है. वेबसाइट पर यूट्यूब टीवी से जुड़ी 8,923 शिकायतें दर्ज की गईं, जबकि गूगल के लिए 2,694 रिपोर्ट सामने आईं. बांग्लादेश में 18 महीने बाद मंगलवार को बीएनपी के नेतृत्व में सरकार का गठन हो गया. भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बांग्लादेश में मुख्य विपक्ष के रूप में उभरी जमात-ए-इस्लामी के नेता डॉ. शफ़ीक़ुर रहमान से मुलाक़ात की. ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग ने एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए इसे एक शिष्टाचार मुलाक़ात बताया है. बयान के अनुसार, यह बैठक मंगलवार को बांग्लादेश की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान हुई थी. भारतीय विदेश सचिव ने जमात-ए-इस्लामी के नेता को उनकी नई भूमिका के लिए बधाई दी और कहा कि बांग्लादेश के साथ भारत के रिश्ते आम लोगों के हितों से जुड़े हुए हैं. डॉ. शफीकुर रहमान ने दोनों देशों के बीच गहरे सांस्कृतिक रिश्तों पर ज़ोर देते हुए द्विपक्षीय संबंधों के और मजबूत होने की उम्मीद ज़ाहिर की है. शपथ ग्रहण समारोह में भारत की लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला पहुंचे थे और उन्होंने नव निर्वाचित प्रधानमंत्री तारिक़ रहमान से मुलाक़ात कर उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बधाई संदेश दिया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तारिक़ रहमान को भारत आने का न्योता भी दिया है. ग़ौरतलब है कि बीते 12 फ़रवरी को हुए आम चुनावों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) को प्रचंड बहुमत मिला जबकि दूसरे नंबर प्रमुख विपक्षी पार्टी के रूप में जमात-ए-इस्लामी आई. बीबीसी बांग्ला के अनुसार, बांग्लादेश के नवगठित मंत्रिमंडल की पहली बैठक बुधवार को दोपहर 3 बजे होनी है. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता संदीप राय अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें. - पाकिस्तानी स्पिनर उस्मान तारिक़ बोले, 'एमएस धोनी से प्रेरित होकर क्रिकेट में आया' - बांग्लादेश में अल्पसंख्यक समुदाय से आने वाले मंत्री कौन हैं? - तारिक़ रहमान बने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री लेकिन 'संवैधानिक सुधार परिषद' की शपथ क्यों नहीं ली? - सुनील गावस्कर और कपिल देव समेत 14 पूर्व कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार से इमरान ख़ान के लिए क्या मांग की?
स्रोत: BBC Hindi