हिलेरी क्लिंटन ने एपस्टीन फ़ाइल्स को लेकर ट्रंप पर लगाया ये आरोप
हिलेरी क्लिंटन ने बीबीसी के साथ एक ख़ास इंटरव्यू में ट्रंप प्रशासन पर एपस्टीन फ़ाइलों को 'छिपाने' का आरोप लगाया है. पूर्व अमेरिकी विदेश मंत्री ने बर्लिन में बीबीसी से बातचीत में कहा, "फ़ाइलें जारी कीजिए. इसे जान-बूझकर धीमा किया जा रहा है." वह बर्लिन में आयोजित वार्षिक वर्ल्ड फ़ोरम में शामिल होने पहुंची थीं. व्हाइट हाउस ने कहा कि फ़ाइलें जारी करके उन्होंने "पीड़ितों के लिए डेमोक्रेट्स से ज़्यादा काम किया है." इन फ़ाइलों में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन का नाम भी है और क्लिंटन दंपति को कांग्रेस की एक समिति के सामने पेश होना है. बिल क्लिंटन 27 फ़रवरी को और हिलेरी क्लिंटन एक दिन पहले अमेरिकी संसद की एक समिति के सामने पेश होंगी. जेफ़री एपस्टीन 2019 में जेल में मृत पाए गए थे और बिल क्लिंटन का उनसे परिचय था. हालांकि उनका कहना है कि उन्होंने दो दशक पहले ही एपस्टीन से संपर्क ख़त्म कर लिया था. पिछले महीने कांग्रेस से इस्तीफ़ा देने वाली नवजोत कौर सिद्धू ने एक बार फिर पंजाब कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा है. तमिलनाडु के कोयंबटूर में समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए नवजोत कौर सिद्धू ने कहा, "राहुल गांधी अच्छी बातें करते हैं. वह समझदारी की बात करते हैं. लेकिन वह जो कहते हैं और जो करते हैं, उसमें बहुत फ़र्क है." उन्होंने कहा, "पिछले आठ महीनों से मैं उनसे समय मांग रही हूं ताकि उन्हें बता सकूं कि पंजाब में आपके लोग, आपके अध्यक्ष या आपके नियुक्त व्यक्ति पंजाब के साथ न्याय नहीं कर रहे हैं. वह पंजाब में कांग्रेस को ख़त्म कर रहे हैं." "मैं सिर्फ आपसे मुलाकात का समय मांग रही हूं ताकि बता सकूं कि आपकी पार्टी पंजाब में बर्बाद हो रही है. टिकट पहले ही बेचे जा चुके हैं... अगर आपको अपने नीचे क्या हो रहा है इसकी जानकारी नहीं है, तो मुझे खेद है. आप उस कुर्सी के हकदार नहीं हैं. आप जो कर रहे हैं उसके लिए जिम्मेदार हैं..." "हमने पंजाब के लिए सब कुछ छोड़ दिया, और आपने हमें सात विभागों के साथ उपमुख्यमंत्री पद और मुझे सांसद बनाने का वादा किया था, लेकिन आपने हमें कुछ नहीं दिया. आपने हमें स्थानीय निकाय और पर्यटन दिया और आप चाहते थे कि वे मुख्यमंत्री के अनुसार चलें... जब आपके अपने लोग भ्रष्ट हैं तो आप भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ क्यों बोलते हैं? और आप उन्हीं भ्रष्ट लोगों को अपने आसपास रख रहे हैं. जो ईमानदार लोग आपसे मिलकर बताना चाहते हैं कि यह ग़लत हो रहा है और आप पंजाब नहीं जीत पाएंगे, उनके लिए आपके पास समय नहीं है..." ग़ौरतलब है कि 31 जनवरी को इस्तीफ़े की घोषणा करने के बाद उन्होंने कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग पर पार्टी संगठन को 'नुकसान पहुंचाने' का आरोप लगाया था. नवजोत कौर, पूर्व क्रिकेटर और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी हैं. फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और प्रथम महिला ब्रिजिट मैक्रों भारत के अपने तीन दिवसीय दौरे पर सोमवार देर रात मुंबई पहुंचे. मंगलवार को उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात होगी. मैक्रों 17 से 19 फ़रवरी तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं. यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रही है. मुंबई में प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय शिखर बैठक भी करेंगे. बाद में, वे इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में भाग लेने के लिए दिल्ली रवाना होंगे, जिसकी मेज़बानी भारत कर रहा है. यह राष्ट्रपति मैक्रों की भारत की चौथी यात्रा है और मुंबई की उनकी पहली यात्रा है. यह दौरा पिछले सप्ताह भारत सरकार के उस बयान के बाद हो रहा है जिसमें कहा गया था कि भारत रफ़ाल लड़ाकू विमानों का एक बड़ा ऑर्डर देने की योजना बना रहा है. बीते जनवरी में भारत और यूरोपीय संघ के बीच एक महत्वपूर्ण मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर भी हुए थे. भारत के एक बार फिर से रफ़ाल पर दांव लगाने की वजह जानिए पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह में एक सैन्य चौकी पर हुए आत्मघाती हमले में कम से कम 10 सैनिकों की मौत हो गई और कई घायल हुए हैं. बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, बाजौर ज़िले के मलंगी इलाके में एक इमारत में विस्फोटकों से भरी एक गाड़ी में धमाका हो गया. इस इमारत में पहले एक मदरसा था, लेकिन बाद में यहां एक सुरक्षा चौकी बना दी गई थी. पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि सुरक्षा चौकी पर हुए आत्मघाती हमले में कम से कम दस कर्मी मारे गए हैं. मरने वालों में एक पुलिसकर्मी और फ़्रंटियर कोर के नौ सैनिक शामिल हैं, जबकि मलबे के नीचे से अभी भी और शव निकाले जा रहे हैं. एक अधिकारी ने बीबीसी उर्दू को बताया कि अज्ञात व्यक्तियों ने विस्फोटकों से भरी एक गाड़ी से फ्रंटियर कोर की चौकी को टक्कर मार दी. सेना का अभी तक कोई बयान नहीं आया है लेकिन ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह के मुख्यमंत्री सोहेल अफ़रीदी ने इस आत्मघाती हमले की निंदा की है. बांग्लादेश में आम चुनावों के बाद आज संसद सदस्यों और कैबिनेट सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होने जा रहा है. बीबीसी बांग्ला के अनुसार, मुख्य चुनाव आयुक्त मंगलवार सुबह 10 बजे संसद भवन के साउथ प्लाजा में नव निर्वाचित संसद सदस्यों को शपथ दिलाएंगे. प्रधानमंत्री और मंत्रिमंडल के सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह शाम 4 बजे होगा. बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने कहा है कि पार्टी अध्यक्ष तारिक़ रहमान प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे. अंतरिम सरकार 16 महीने बाद निर्वाचित सरकार को सत्ता सौंपने जा रही है. मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने सोमवार रात अपने विदाई भाषण में पद छोड़ने की घोषणा की है. 12 फ़रवरी को हुए आम चुनावों में बीएनपी गठबंधन ने 212 सीटें जीतकर दो तिहाई बहुमत हासिल किया था जबकि जमात-ए-इस्लामी गठबंधन को 77 सीटें मिली हैं. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता संदीप राय अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें. - बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ़ द ईयर बनने के बाद क्या बोलीं स्मृति मंधाना - नेटो जैसे अरब-इस्लामिक सैन्य गठबंधन की फिर से क्यों हो रही है चर्चा? - शाहीन अफ़रीदी और बाबर आज़म 'फ्लॉप' रहकर भी इसलिए पाकिस्तानी टीम में बने हुए हैं? - बांग्लादेश : मोहम्मद यूनुस के विशेष सहायक के देश छोड़ने की चर्चा, क्या है पूरा मामला
स्रोत: BBC Hindi