पूर्व ब्लाक प्रमुख पप्पू मड़हा का हार्ट अटैक से हुआ आकस्मिक निधन शोक की लहर
गोंडा। परसपुर विकासखंड क्षेत्र के आंटा गांव निवासी तथा पूरे जनपद में पप्पू मड़हा के नाम से चर्चित धर्मेंद्र प्रताप सिंह (54 वर्ष) का हार्ट अटैक से आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना के मुताबिक सोमवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके असामयिक निधन से परिवार, समर्थकों और शुभचिंतकों में गहरा शोक व्याप्त है। धर्मेंद्र प्रताप सिंह सरल स्वभाव, मिलनसार और खुशमिजाज व्यक्तित्व के धनी थे। वे कर्नलगंज विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी रह चुके थे तथा परसपुर के पूर्व ब्लाक प्रमुख के रूप में भी उन्होंने अपनी सेवाएं दी थीं। सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका के कारण वे क्षेत्र में व्यापक रूप से लोकप्रिय थे।
उनके निधन पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं जनपदवासियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की, साथ ही शोकाकुल परिवार को इस असीम पीड़ा को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। धर्मेंद्र प्रताप सिंह (पप्पू मड़हा) का जाना क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।