पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Death

साइक्लोन अर्नब: आंध्र प्रदेश में पांच लोगों की मौत, भारी बारिश के बीच लोगों को घरों से बाहर न निकलने की सलाह

✍️ Admin 📅 29 October, 2026 ⏰ 07:50 AM 👁 25 views

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने बताया है कि राज्य में साइक्लोन अर्नब के कारण पांच लोगों की मौत हुई है. बंगाल की खाड़ी में उठा भीषण साइक्लोन अर्नब मंगलवार की आधी रात के बाद बुधवार तड़के तट से टकराया था. साइक्लोन अर्नब के प्रभाव से आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है. चक्रवात से हुए नुकसान का शुरुआती आकलन किया जा रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि साइक्लोन अर्नब अब कमजोर हो गया है. बीते छह घंटों में यह करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से उत्तर की ओर बढ़ा है और एक 'निम्न दबाव क्षेत्र' में बदल गया है. मौसम विभाग ने बताया है कि 28 अक्तूबर की रात 11:30 बजे इसका केंद्र आंध्र प्रदेश के पास, दक्षिण ओडिशा, दक्षिण छत्तीसगढ़ और उत्तर-पूर्वी तेलंगाना से सटे क्षेत्र में था. आंध्र प्रदेश में इस साइक्लोन के कारण सबसे अधिक तबाही हुई है. राज्य में हो रही तेज़ बारिश के कारण कई ज़िलों में लोगों को सावधान रहने को कहा गया है. सबसे अधिक बारिश मुख्य रूप से राज्य के उत्तरी हिस्से के जिलों के साथ-साथ काकीनाडा, कोनासीमा और पूर्वी गोदावरी जिलों में हो रही है. आंध्र प्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुख्य निदेशक प्रखर जैन ने लोगों को घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है. आंध्र प्रदेश के बिजली विभाग के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के साथ एक समीक्षा बैठक में बताया कि अर्नब के प्रभाव से कोनासीमा ज़िले में करीब 6,000 बिजली के खंभे गिर गए हैं. काकीनाडा ज़िले और उत्तरी आंध्र के ज़िलों में भी सैकड़ों खंभे गिर गए हैं. उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय ज़िलों के कई क्षेत्रों में बिजली की लाइनें और तार पूरी तरह टूट गए हैं. इससे तटीय क्षेत्रों के कई गांवों और कस्बों में बड़े पैमाने पर बिजली गुल हो गई है. अब तेलंगाना के बिजली मंत्री से मदद मांगी गई. बीबीसी से बात करते हुए मंत्री गोट्टीपति रविकुमार ने कहा कि अर्नब से क्षतिग्रस्त बिजली व्यवस्था बहाल करने के लिए काम जारी है. आंध्र प्रदेश ने इसके लिए तेलंगाना सरकार से अतिरिक्त कर्मचारियों और उपकरणों को भेजने का अनुरोध किया है. रविकुमार ने बताया कि उन्होंने तेलंगाना विद्युत विभाग के विशेष मुख्य सचिव नवीन मित्तल से फ़ोन पर बात की. उन्होंने कहा कि तेलंगाना सरकार इस पर सहमत हो गई है और वो अतिरिक्त कर्मचारियों और उपकरणों को भेजेगी. मंत्री ने बताया कि एहतियाती उपायों के तहत साइक्लोन प्रभावित क्षेत्रों में हज़ारों बिजली के खंभे भेजे गए हैं. उन्होंने कहा कि बारिश थमने के कुछ ही घंटों के भीतर बिजली बहाल कर दी जाएगी. चक्रवात का तटीय ज़िलों में धान, कोनासीमा में नारियल और गोदावरी घाटी में केले और जलीय कृषि सहित प्रमुख फसलों की खेती पर गंभीर असर पड़ा है. भारी बारिश, तेज़ हवाओं और बाढ़ से हज़ारों एकड़ में फैली फसलें क्षतिग्रस्त हो गई हैं. किसान चिंतित हैं कि तूफान ने राज्य के कृषि क्षेत्र को बड़े संकट में डाल दिया है. राज्य के किसान पहले ही कम बारिश के कारण संकट का सामना कर रहे हैं. किसानों का कहना है कि हज़ारों एकड़ में कटाई के लिए तैयार धान की फसल बर्बाद हो गई है. अधिकारियों के अनुमान के अनुसार, इस खरीफ सीजन में राज्य में धान की कुल खेती का रकबा 37.53 लाख एकड़ है. इनमें से 26 लाख एकड़ साइक्लोन प्रभावित क्षेत्र में आते हैं. देश - दुनिया की बड़ी ख़बरें जिन्होंने बटोरी सुर्खियां. राज्य के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर कहा है कि साइक्लोन अर्नब से आंध्र प्रदेश को भारी नुकसान हुआ है. उन्होंने नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्रीय टीमें भेजने का अनुरोध किया है. पत्र में बताया गया है कि चक्रवात से राहत कार्यों के लिए 14 ज़िलों में एनडीआरएफ़ की 16 और एसडीआरएफ़ की 11 टीमें तैनात की गई हैं. मुख्यमंत्री ने बताया कि शुरुआती अनुमानों के अनुसार, 180 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं और 220 से अधिक पेड़ सड़कों पर गिर गए हैं. पत्र में यह भी बताया गया है कि तटीय क्षेत्रों में कई जगहों पर सड़कें नष्ट हो गई हैं और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है. पत्र में कहा गया है कि चक्रवात का असर कोनासीमा, काकीनाडा, पूर्वी और पश्चिमी गोदावरी, अनाकापल्ले और कृष्णा ज़िलों में गंभीर रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि चक्रवात से हुए नुकसान का व्यापक आकलन करने के बाद केंद्र को रिपोर्ट सौंपी जाएगी. उन्होंने केंद्र से राहत कार्यों में एनडीआरएफ़ और दूसरी केंद्रीय एजेंसियों का सहयोग जारी रखने की अपील की. केंद्रीय मंत्री अमित शाह से नुकसान का आकलन करने के लिए जल्द से जल्द एक केंद्रीय टीम भेजने का अनुरोध किया गया है. बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित. BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

स्रोत: BBC Hindi

📤 शेयर करें: