हलधरमऊ गांव में घूमते हुए दो संदिग्ध युवक पकड़ाए ग्रामीणों में मचा हड़कंप
बालपुर गोंडा। कटरा बाजार थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत हलधरमऊ में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे दो युवकों को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि दोनों युवक सुबह से गांव में इधर-उधर घूमते हुए लोगों से पैसे मांग रहे थे और गांव के रास्तों व आसपास के इलाकों की जानकारी ले रहे थे।
ग्रामीणों के मुताबिक दोनों युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगने लगीं। पूछताछ के दौरान वे बार-बार अपनी पहचान और पता बदलते रहे—कभी कर्नैलगंज, कभी बालपुर गोंडा और कभी बलरामपुर निवासी होने की बात बताते रहे। यही नहीं वे खुद को मुस्लिम बता रहे थे, जबकि उनके आधार कार्ड में नाम व विवरण हिंदू समुदाय से जुड़े पाए गए, जिससे ग्रामीणों का शक और गहरा गया।
दोपहर तक स्थिति स्पष्ट न होने पर ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया और इसकी सूचना ग्राम प्रधान मसूद खान को दी। मौके पर पहुंचे प्रधान ने तुरंत पुलिस को अवगत कराया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और दोनों युवकों को अपने साथ लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवकों की पहचान व उनके गांव में आने के उद्देश्य का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद गांव में दहशत के साथ-साथ सतर्कता का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की अपील की है।